मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी के प्रांगण में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण जी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। जैन मंदिर रेलवे रोड एवं मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी ने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि का अभिनंदन करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर महाराज जी के मंच पर मंगल आगमन के साथ ही संपूर्ण प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। पूज्य गुरुदेव के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन एवं आरती उतारी गई। इसके पश्चात आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज ने उपस्थित धर्मसभा को संबोधित किया। अपने अमृत वचनों के माध्यम से उन्होंने श्रद्धालुओं को सन्मार्ग, धर्म और समाज सेवा के पथ पर चलने का मंगल आशीर्वाद प्रदान किया।

समारोह के दौरान समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण जी को पूज्य आचार्य श्री के पावन सानिध्य में जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी द्वारा शॉल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्री असीम अरुण जी की उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता एवं समाज सेवा के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। जैन समाज ने उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना की।
अपने संबोधन में माननीय मंत्री श्री असीम अरुण जी ने पूज्य आचार्य श्री को श्रीफल अर्पण कर आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने जैन समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित रहने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जैन समाज द्वारा अहिंसा के मार्ग का अनुसरण करते हुए सामाजिक मूल्यों एवं जिम्मेदारियों के निर्वहन की संकल्पित जीवन शैली की सराहना की।
मंत्री श्री असीम अरुण जी ने जैन समाज की प्रशंसा करते हुए कहा, “जैन समाज सदैव से अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है।”
जैन समाज के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि समाज के हर जनहितैषी प्रयास, उत्थान और कल्याणकारी कार्यों में मैं सदैव जैन समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूँगा तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करता रहूँगा।”
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ जी, सुरेंद्र जैन, योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ
